रांची : राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में इलाजरत कुख्यात कैदी कृष्ण मोहन झा उर्फ अभय उर्फ धनंजय उर्फ काली झा का 48 घंटे के बाद भी पुलिस पता नहीं लगा सकी है। यह कुख्यात कैदी अपहरण व हत्या के कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कुख्यात कैदी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है। रांची पुलिस टेक्निकल सेल के माध्यम से मोबाइल लोकेशन खंगालने में जुटी हुई है।
पेट में दर्द होने के बाद होटवार से रिम्स में कराया गया था भर्ती
कुख्यात अपराधी कृष्णमोहन झा सुरक्षा में लगे जवानों को चकमा देकर रविवार को फरार हो गया था। कैदी को पेटदर्द की शिकायत के बाद रिम्स लाया गया था। पुलिस की लापरवाही के साथ ही इस घटना ने रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोली। कुछ महीने पहले फरवरी में भी रिम्स से एक हत्यारोपित हथकड़ी समेत फरार हो गया था।
रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
रिम्स अस्पताल वैसे तो राज्य के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक है लेकिन रिम्स में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर सिर्फ खाना पूर्ति ही कि जाती है। आए दिन रिम्स से कैदियों के फरार होने की खबरें सामने आती हैं। वहीं मरीजों के स्वजनों व चिकित्सकों के बीच मारपीट की घटनाएं भी आम हैं। हाल ही में छात्रों के बीच रैगिंग के मुद्दे को लेकर जमकर लाठी डंडे व मारपीट हुई। वहीं कुछ दिन पूर्व रिम्स में इलाजरत एक महिला से वहां के एक कर्मचारी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। 24 जनवरी, 2018 को रिम्स में इलाजरत कैदी पिंटू बाथरूम की खिड़की तोड़कर फरार हो गया था। 16 मई, 2018 को हत्यारोपी बुधराम उरांव रिम्स से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। दो जनवरी, 2017 को दुमका जेल का सजायाफ्ता हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी राजेश यादव भी इसी आइसीयू वार्ड से भाग निकला था। 23 मई, 2014 को चतरा मंडल कारा का कैदी रामस्वरूप भारती रिम्स के न्यूरो सर्जरी विभाग से भाग निकला था। यहां भी सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कड़ी कार्रवाई हो।
तीन पुलिसकर्मियों को किया गया था सस्पेंड
कृष्ण मोहन उर्फ अभय की सुरक्षा में तैनात तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में नित्यानंद गोस्वामी, अनंत कुमार मिश्रा और महतो उरांव शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि तीनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही की वजह से रिम्स से कैदी फरार हुआ है। बरियातू इंस्पेक्टर सपन महथा को मामले की जांच की जिम्मेवारी दी गई है। सपन महता ने कहा कि फरार कैदी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।सीसीटीवी की जांच में यह बात सामने आयी थी कि तीनो पुलिसकर्मी सुबह चार से छह बजे तक ड्यूटी में तैनात नहीं थे।





Add comment