रांची : कांके थाना क्षेत्र स्थित प्रेम नगर में अपराधियों ने शनिवार को दिनदहाड़े जमीन कारोबारी अनिल सिंह मुंडा को गोली मारकर घायल कर दिया था। इस गोलीकांड में अपराधियों ने कुल पांच राउंड फायरिंग किया था जिसमें जमीन कारोबारी अनिल सिंह मुंडा को पेट में दो गोली लगी थी। कांके थाने की पुलिस ने इस गोलीकांड मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति अशोक कुजूर ने पुलिस को बताया कि मेरे इशारे पर गोली चलाई गई है। अशोक कुजूर ने कई लोगों के नाम पुलिस को बताया है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। अशोक कुजूर ने पुलिस को बताया कि कांके इलाके में जमीन कारोबारी अनिल सिंह मुंडा काफी तेजी से प्रगति कर रहा था और कई विवादित जमीन को हथियाने का प्रयास कर रहा था। इसी वजह से सुपारी देकर जमीन कारोबारी अनिल सिंह मुंडा पर गोली चलाई गई थी।
टेक्निकल सेल के सहारे अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
अशोक कुजूर ने पूछताछ के दौरान इस गोलीकांड में शामिल कई लोगों के नाम बताया है। पुलिस ने बताया की इन अपराधियों की तलाश में पुलिस टेक्निकल सेल के सहारे पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी लोगों का नाम सामने आ गया है और पुलिस जल्द ही उन सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी। आपको बता दें कि किसी जमीन को लेकर अशोक कुजुर और अनिल सिंह मुंडा के बीच 10 दिन पहले विवाद हुआ था और इस विवाद को लेकर अशोक कुजूर ने सुपारी देकर जमीन कारोबारी अनिल सिंह मुंडा पर गोली चलवाई थी।





Add comment