रांची : हिनू चौक के नजदीक 14 जुलाई की सुबह 11:00 बजे जमीन कारोबारी अल्ताफ अंसारी की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में जमीन कारोबारी की पत्नी ने मुख्य आरोपी रिजवान को बताया था। इस मामले को लेकर डोरंडा थाना में रिजवान के ऊपर नामजद अभियुक्त बनाया गया था। 4 महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस आज तक पार्षद के पति रिजवान को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मृतक जमीन कारोबारी के पत्नी ने बताया था कि पार्षद के पति ने ही जमीन की वर्चस्व को लेकर हमारे पति की हत्या कराई है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने शूटर अली खान समेत दस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। वहीं मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से फरार है।
कार में गोली मारकर की गई थी हत्या
14 जुलाई को दिन में ग्यारह बजे अल्ताफ अपनी कार से मेन रोड की ओर से आ रहा था। जैसे ही वह हिनू पेंटालून के समीप पहुंचा, तभी पीछे से बाइक और स्कूटी पर सवार अपराधी पहुंचे। अपराधियों ने ओवरटेक कर अल्ताफ को रुकवाया। जैसे ही अल्ताफ ने अपनी कार रोकी, अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में अल्ताफ को चार गोलियां लगी थी। इसके बाद पिस्टल लहराते हुए अपराधी भाग निकले थे। इस वारदात के बाद आसपास में मौजूद लोग आनन-फानन में घायल अल्ताफ को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
डोरंडा थाने की पुलिस सिद्धेश्वर महथा ने कहा कि रिजवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है लेकिन पुलिस को अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। वहीं डोरंडा थाना निवासी नवाब चिश्ती ने बताया कि आरोपी रिजवान बेल लेने के लिए सिविल कोर्ट में जमानत याचिका दायर किया था लेकिन सिविल कोर्ट से उसकी जमानत याचिका रद्द कर दी थी।





Add comment