राँची : लंबे समय से लंबित योजनाओं एवम् नागरिकों को हो रही समस्याओं को लेकर सांसद संजय सेठ ने एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारियों से मुलाकात की। उनसे नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए पहल करने को कहा। एनएचएआई के क्षेत्रीय प्रमुख एस. के. मिश्रा व प्रोजेक्ट डायरेक्टर ए. के. सिन्हा के साथ बातचीत में कई योजनाओं पर चर्चा हुई। कई लंबित योजनाओं को पूर्ण करने पर बात हुई।
बातचीत के क्रम में रातू रोड की समस्या को लेकर चर्चा हुई। इस मुद्दे पर एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर जाकिर हुसैन पार्क से पिस्का मोड़ तक एलिवेटेड रोड की स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है और बहुत जल्द ही इसका टेंडर भी होने जा रहा है।
इसके लिए राजभवन ने भी अपनी स्वीकृति दे दी है। एलिवेटेड रोड के निर्माण से पूर्व रातू रोड की सड़कों का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। उस चौड़ीकरण में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि किसी भी व्यवसायी या स्थानीय निवासि को कोई परेशानी न हो । बातचीत के क्रम में हीं अधिकारियों ने सांसद को बताया कि पिस्का नगड़ी के समीप अधूरे पड़े आरओबी का भी निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू किया जायेगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। वहीं नगड़ी के समीप NH 23 के अधूरे पड़े कार्यो को अति शीघ्र पूरा करने पर बात हो चुकी है।
रातू से ब्राम्बे होते हुए बिजुपाड़ा तक सड़कों के किनारे पेड़ नहीं लगाए जाने के मामले पर अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए दोषी ठेकेदारों को नोटिस दिया गया है और अन्य प्रक्रिया भी चल रही है।
इसके अतिरिक्त रांची के आसपास के क्षेत्रों में एनएच के किनारे नाली नहीं बनने के मुद्दे पर सांसद ने अधिकारियों से सवाल पूछा तो अधिकारियों ने कुछ तकनीकी समस्या बताई। सांसद ने स्पष्ट रूप से कहा कि सारे तकनीकी अड़चनों को दूर कर अविलंब नाली का निर्माण कार्य पूर्ण कराएं ताकि नागरिकों को कोई समस्या न हो।
वहीं मौके पर मौजूद रांची के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने एनएच और नगर निगम के क्षेत्र में पड़ने वाले सड़कों व नाली निर्माण से संबंधित मामले पर चर्चा की। उस पर एनएचएआई के क्षेत्रीय प्रमुख ने एक सप्ताह के अंदर टीम बनाकर उन स्थानों का सर्वे करने और समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया।




