राँची : राँची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को लेकर तीन अॉक्सीजन व अन्य सुविधायुक्त रोगी वाहन खरीदने व राँची के दो श्मशान घाटों पर विभिन्न कार्य करवाने की अनुशंसा की गई है. इसे लेकर सांसद संजय सेठ ने राँची व सरायकेला खरसांवा के उपायुक्त को पत्र लिखकर रोगी वाहन खरीदने की अनुशंसा की है. इन रोगी वाहन की खरीदारी जैम के माध्यम से करने का भी निर्देश सांसद ने दिया. उपायुक्त को लिखे पत्र में सांसद संजय सेठ ने कहा है कि वर्तमान समय में संक्रमण को देखते हुए जनहित में रोगी वाहन (एम्बुलेंस) की अावश्यकता महसूस हो रही है. इसलिए अपने सांसद निधि से राँची लोकसभा क्षेत्र के लिए तीन रोगी वाहन (एम्बुलेंस) खरीदने की अनुशंसा कर रहे हैं. बिना विलंब किए इस रोगी वाहन को खरीद कर जनहित में इसका प्रयोग किया जाए. सांसद संजय सेठ ने बताया कि राँची जिला के हटिया विधानसभा के रातू व खिजरी विधानसभा क्षेत्र व सरायकेला खरसांवा के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल के लिए फोर्स कंपनी की एम्बुलेंस खरीदारी करने की स्वीकृति दी गई.
इसके अतिरिक्त राँची के नामकुम व हटिया श्मशान घाट पर शेड निर्माण,पथ निर्माण,चूल्हा निर्माण,चबूतरा निर्माण सहित कई कार्यों को अविलंब स्वीकृत कर कार्यारंभ करने हेतू उपायुक्त को कहा गया. सांसद संजय सेठ ने कहा कि अाग़ामी समय में कोरोना संक्रमण से रोकथाम व बचाव के लिए उनसे जो भी संभव होगा,हर कदम उठाए जाएँगे ताकि अाम जनता सुरक्षित रह सके और उन्हें समुचित उपचार मिल सके.




