डॉ पूजा भारती हत्याकांड मामले को लेकर आज झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को मांग-पत्र सह ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि हजारीबाग मेडिकल कॉलेज की छात्रा डॉ पूजा भारती (पिता-श्री अवध बिहारी पूर्वे, गोड्डा) की गत 12 जनवरी 2021 को पतरातू डैम में मिली लाश से हम सबको काफी अाहत पहुँची है. डॉ पूजा भारती एक मेघावी छात्रा थी और भविष्य की अच्छी चिकित्सक हो सकती थी, लेकिन दरिन्दों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस हत्या से केवल एक जान ही नहीं गई, बल्कि एक परिवार का घर उजड़ गया, सपने बिखर गये, वहीं यह राज्य एक अच्छी डॉक्टर की सेवा पाने से वंचित हो गया।यह घटना पूरे झारखंड के लिए काफी दर्दनाक और शर्मनाक है।
ज्ञापन में लिखा गया है कि इसी आलोक में 17 जनवरी को रांची के होटल आलोका के सभागार में झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा, केंद्रीय समिति की बैठक की गयी।
बैठक में इस घटना की कड़ी भर्तसना की गयी और तीन प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से मांग की जाती है कि- राज्य के पुलिस महानिदेशक एमवी राव ने 16 जनवरी को रामगढ़ में पुलिस अधिकारियों की बैठक में एवं मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि दो दिन में डॉ पूजा भारती हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। हमें भी राज्य की पुलिस पर विश्वास है।
दो-तीन दिनों में हत्याकांड की खुलासा नहीं की जाती है तो इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए तथा हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ़्तार किया जाये और फास्ट ट्रेक कोर्ट के जरिये उन्हें फांसी की सजा दिलवाई जाये। ज्ञापन में भी लिखा गया है कि अन्य बेटियों, बहनों, माताओं के साथ फिर ऐसा न हो, इसकी वयवस्था की जाये।




