सिल्ली/मुरी:- मुरी ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की अहले सुबह लगभग 5 बजे कुतरु भारत पेट्रोलियम के पास मुरी पुलिस की गश्ती वाहन को एक अज्ञात हाईवा वाहन ने टक्कर मारी। टक्कर मारने के बाद वाहन मौके से भाग निकला।

जानकारी के अनुसार मुरी ओपी के उप निरीक्षक दिवाकर कुमार के नेतृत्व में उक्त पुलिस गाड़ी गश्ती कर रही थी उसी दरमियान दुर्घटना हुई। दुर्घटना में पुलिस के वाहन चालक विलास कुमार झा की हाथ टूट गई एवं एक अन्य आरक्षी सृष्टिधर महतो के सिर में चोट लगी और खून बहने लगा।

आनन-फानन में घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई और घायल जवानों को सिल्ली समुदाय अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक इलाज कर बेहतर चिकित्सा हेतु सिंगपुर नर्सिंग होम लाया गया। पुलिस मामले को लेकर छानबीन में जुट गई है।





Add comment