
रायपुर: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने केवल और केवल शब्दों के मायाजाल में आदिवासियों सहित सभी लोगों को फंसा रखा है, उन्हें आदिवासियों के हित का ध्यान नहीं है। न ही आदिवासियों के लिए उन्होंने कोई काम किया है। भाजपा की विचारधारा आदिवासियों को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है। बंधु तिर्की रायपुर में आयोजित कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन में रविवार को बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत में अब तक आदिवासियों के उन्नयन और उनके सामाजिक-आर्थिक विकास का ध्यान सिर्फ कांग्रेस ने ही रखा है। तिर्की ने कहा कि कांग्रेस ने ही आदिवासियों के हित में पेसा कानून, जनजातियों के लिए उप योजना (ट्राइबल सब प्लान), वनाधिकार कानून आदि के साथ ही संविधान पांचवीं और छठी अनुसूची के प्रावधान सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये लेकिन अपने आठ-नौ वर्षो के शासनकाल में भाजपा ने केवल और केवल शब्दों के भ्रमजाल में आदिवासियों के साथ ही सभी को भरमाया है।





Add comment