राँची:आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर में तिरंगा महोत्सव की तैयारी को लेकर बुधवार को मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने उपमहापौर, वार्ड पार्षद और रांची नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। मेयर ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक आयोजित इस महोत्सव के तहत शनिवार (06 अगस्त) को रांची नगर निगम से शहीद चौक तक तिरंगा यात्रा निकाला जाएगा। इसके अलावा 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक वार्ड में प्रभात फेरी निकली जाएगी। उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से आग्रह किया है कि 13 से 15 अगस्त तक प्रतिदिन प्रभात फेरी का आयोजन करें और स्थानीय लोगों को प्रभात फेरी में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। हर घर में तिरंगा महोत्सव को सफल बनाने की तैयारी पर उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम में दर्ज आंकड़ों के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में कुल 2.25 लाख घर हैं। सभी घरों को तिरंगा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। तिरंगा ध्वज की उपलब्धता के लिए स्थानीय जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है। रांची नगर निगम की ओर से महिला समितियों के सहयोग से तिरंगा ध्वज तैयार कर रहा है। मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि 13 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घर में तिरंगा ध्वज अवश्य लगाएं। आप सभी के सहयोग से ही इस महोत्सव को सफल बनाया जा सकता है। मेयर ने सभी पार्षदों से आग्रह किया है कि 15 अगस्त को रांची निगम कार्यालय में झंडोत्तोलन के दौरान उपस्थित होकर आजादी के अमृत महोत्सव को सफल बनाएं। उसके बाद अपने-अपने वार्डों में झंडोत्तोलन कर स्थानीय लोगों के साथ महोत्सव मनाएं।
इस अवसर पर रांची नगर निगम के उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, सहायक नगर आयुक्त ज्योति समेत नगर प्रबंधक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।





Add comment