रांची : कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट में सख्ती बरतने का फैसला लिया है. बैठक में उपायुक्त छविरंजन ने आज कोविड-19 जांच की समीक्षा करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर जांच के दौरान अगर कोई यात्री संक्रमित पाया जाता है तो वो किसी भी हाल में ट्रेसलेस नहीं होना चाहिए. डीसी ने कहा कि एंबुलेंस तैयार रखें और मरीज को स्कॉट करते हुए कोविड अस्पताल में भर्ती कराना सुनिश्चित करें. उपायुक्त ने सैंपल देने वाले यात्रियों के मोबाइल नंबर वैरिफिकेशन के लिए हर जांच टीम में एक कर्मी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वर्चुअल बैठक में सभी कोषांगों के वरीय प्रभारी, सिविल सर्जन, प्रखंड विकास विकास पदाधिकारी, इंसिडेंट कमांडर, एमओआईसीए एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े थे.
संक्रमित मरीज छूटा तो इंसिडेंट कमांडर होंगे संस्पेंडः
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान पॉजिटिव पाया गया एक भी यात्री छूट जाता है तो इंसिडेंट कमांडर सस्पेंड होंगे. उन्होंने कहा कि तीनों शिफ्ट में इंसिडेंट कमांडर रेलवे स्टेशन पर रहे और पॉजिटिव पाये गये यात्री को स्कॉट कर कोविड अस्पताल में एडमिट करें. उपायुक्त ने कहा कि कोई भी मरीज होम आइसोलेशन में न रहे इसे सुनिश्चित करें. रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उपायुक्त ने फोर्स की आवश्यकता होने पर वरीय पुलिस अधीक्षक से समन्वय स्थापित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया.
छठ पूजा तक विशेष सर्तकता बरतें : उपायुक्त
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि अभी से लेकर छठ पूजा तक विशेष सतर्कता बरतें. उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर पर्याप्त मात्रा में मजिस्ट्रेट की तैनाती करें. उपायुक्त ने कहा कि त्यौहार के दौरान दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों से आयेंगे. उन्होंने बिहार, महाराष्ट्र, नई दिल्ली आदि जगहों से आनेवाली ट्रेनों के दौरान पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु एसडीओ और एडीएम को आवश्यक निर्देश दिये.
पॉजिटिव पाये जानेवाले मरीजों की डेली रिपोर्ट दें
उपायुक्त ने जिला में पॉजिटिव पाये जानेवाले मरीजों की प्रतिदिन रिपोर्ट देने का निदेश दिया. उन्होंने कहा कि कितने मरीज किस जगह से मिले, इसकी जानकारी रिपोर्ट में दें.
सदर और रेसलदार दोनों फंक्शनल:
कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए उपायुक्त ने सदर अस्पताल और रेसलदार सीएचसी में व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली. सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल और रेसलदार सीएचसी दोनों फंक्शनल हैं. उपायुक्त ने कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित न हो इसे सुनिश्चित करने का निदेश दिया, उन्होंने कहा कि सभी पाइपलाइन और प्वाइंट चेक कर लें.
इंफोर्समेंट टीम बरतेगी सख्ती
रांची में कोविड-19 दिशा निर्देशों के अनुपालन को लेकर इंफोर्समेंट टीम सख्ती बरतेगी. उपायुक्त ने कोविड-19 दिशा निर्देशों के अनुपालन के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों/दुकानों में दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा, उनपर कार्रवाई करें.
सर्वे कार्य और पर्ची वितरण की प्रखंडवार समीक्षा
बैठक के दौरान वैक्सीनेशन के सेकेंड डोज के लिए छूटे लोगों के लिए डोर टू डोर सर्वे कार्य की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि शत प्रतिशत सर्वे का कार्य पूरा करें और निर्धारित फॉर्मेट में प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध करायें कि कितने लोगों को पर्ची बांटी गयी. डीडीसी विशाल सागर ने भी प्रखंडवार समीक्षा करते हुए संबंधित बीडीओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिये.
मोरहाबादी मैदान में होगी वैक्सीनेशन की व्यवस्था
आने वाले दिनों में मोरहाबादी मैदान में रोज सुबह मॉर्निंग वाक के लिए आनेवाले लोगों के लिए वैक्सीनेशन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. सुबह 6-10 बजे तक लोग कैंप में टीका ले पायेंगे. उपायुक्त ने इसकी तैयारी को लेकर संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए





Add comment