रांची : जिले के नवाडीह गांव के शहीद जयप्रकाश उरांव की विधवा एमा संगीता उरांव से नौकरी व जमीन दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में संगीता उरांव ने रघुनाथपुर के पूर्व मुखिया महादेव उरांव के खिलाफ चान्हो थाने में रविवार की देर शाम को प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार 15 नवंबर 2017 को मणिपुर में उग्रवादियों से लोहा लेते शहीद हुए और मरणोपरांत राष्ट्रपति द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित जयप्रकाश उरांव की पत्नी एमा संगीता उरांव को केंद्र व झारखंड सरकार से काफी पैसा मिला था।
रघुनाथपुर पंचायत के पूर्व मुखिया व चंपाडीह निवासी मुखिया महादेव उरांव ने उससे नजदीकी बढ़ाई और नौकरी व जमीन दिलाने के नाम पर अलग-अलग तारीख में उससे 18 लाख रुपये की ठगी कर ली। हालांकि, बाद में संगीता को झारखंड सरकार ने उसके पति की शहादत को लेकर नौकरी दी है। वह वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चान्हो में कार्यरत है। प्राथमिकी में चान्हो थाना पुलिस से पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाते हुए संगीता उरांव ने कहा है कि पति की मौत व दो छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर उसकी मनोदशा ठीक नहीं थी। इसका लाभ उठाकर महादेव उरांव ने उससे 18 लाख रुपये ठग लिए हैं। चान्हो थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





Add comment