रांची : राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने विधानसभा में मुलाकात की। मंत्री बादल पत्रलेख ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निवेदन पत्र दिया। मुख्यमंत्री को निवेदन पत्र देकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर, बासुकीनाथ मंदिर, रजरप्पा, ईटखोरी, पहाड़ी मंदिर सहित राज्यभर में स्थित दर्जनों बंद मंदिर को पूजा-अर्चना के लिए खुलवाने का अनुरोध किया है।
निवेदन पत्र में मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि कोरोना महामारी की वजह से पूरा विश्व सहित हमारा राज्य भी प्रभावित रहा है, संक्रमण के इस दौर में मंदिरों को सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से बंद रखा गया है। अब श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना हेतु बंद मंदिरों को खोलने का अनुरोध किया जा रहा है। मंदिरों से बहुत सारे लोगों के रोजी-रोजगार भी जुड़े हुए हैं।
मंत्री बादल पत्रलेख निवेदन पत्र में लिखा है कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम हुआ है। इसलिए भक्तों की श्रद्धा को देखते हुए एवं मंदिरों पर आश्रित लोगों के परिवारजनों की आर्थिक समस्या के मद्देनजर बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर, बासुकीनाथ मंदिर, रजरप्पा मंदिर, ईटखोरी, पहाड़ी मंदिर सहित राज्यभर स्थित दर्जनों बंद मंदिरों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूजा-अर्चना के लिए खुलवाने पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस संबंध में यथोचित निर्णय लेने का आश्वासन मंत्री बादल पत्रलेख को दिया। मौके पर ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री आलमगीर आलम, विधायक उमाशंकर अकेला, इरफान अंसारी, राजेश कच्छप, एवं ममता देवी उपस्थित थे।





Add comment