राँची : बिरसा मुण्डा विमानाश्रय से पर्याप्त संख्या में विमान की अनुपलब्धता होने के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी के निराकरण हेतू आज झारखण्ड चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स ने नगर विमानन मंत्री हरदीप एस पुरी को पत्राचार किया.
चैम्बर के नागरिक उड्डयन उप समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद साहू ने कहा कि अनलॉक के उपरांत झारखण्ड में आर्थिक गतिविधियों को धीरे-धीरे रफ्तार मिल रही है किन्तु प्रदेश में एक ओर जहाँ रेल सेवा परिचालित है वहीं पर्याप्त संख्या में एयर कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण बाहर के लोगों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उदाहरणार्थ बिरसा मुण्डा विमानाश्रय से पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकत्ता के लिए राजधानी से मात्र तीन दिन विमान सेवा चलती है जबकि पूणे, जयपुर, भुवनेश्वर, रायपुर, पटना की सीधी विमान सेवा ठप है जिससे जनता को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
विदित हो कि झारखंड से निकटवर्ती शहर होने के कारण ज्यादा से ज्यादा संख्या में व्यापारी व उद्यमी आवागमन करते है परंतु सप्ताह में सिर्फ तीन दिन विमान चलने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है एवं उनका व्यापार भी ठप हो रहा है.इस तरह शिक्षा संबंधी कार्यो से विद्यार्थियों का आवागमन भी पटना, जयपुर, पूणे व भुवनेश्वर होता है.
यह आग्रह किया गया कि राँची से पूणे, जयपुर, भुवनेश्वर, वाराणसी, रायपुर की सीधी विमान सेवा के साथ राँची से कोलकत्ता व पटना के लिए प्रात: एवं संध्या के वक्त प्रतिदिन विमान सेवा आरंभ करना अत्यंत आवश्यक है।
1 फरवरी से राँची से अहमदाबाद की सीधी विमान सेवा आरंभ किए जाने पर चैम्बर अध्यक्ष प्रवीण छाबड़ा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी साथ ही उन्होनें आग्रह किया कि संक्रमण के संभावित खतरों से बचाव हेतू निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन कराते हुए बिरसा मुण्डा विमानाश्रय से विमान सेवा परिचालन पहले की भाँति समय किया गया एवं विमान की संख्या में बढ़ोतरी की जाए ताकि आवागमन के साथ ही प्रदेश (राज्य) में आर्थिक गतिविधियाँ को गति दी जा सके।




