दुमका : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक पत्थर खदान में पत्थर लदे हाइवा अनियंत्रित होकर गिर गया, जिसमें खलासी की मौत हो गई, मृतक की पहचान शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के हासापाथर गांव का रहने वाला अलताब अंसारी (22) के रुप में की गयी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मृतक का शव और हाईवा को निकालने के प्रयास में जुटी है. थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह ने घटना की पुष्टि की है. जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मझलाडीह गांव में गुरुवार की सुबह पत्थर खदान से बोल्डर लाद कर जा रही हाईवा अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरे पत्थर खदान में गिर गयी. स्थानीय लोगों के मुताबिक पत्थर खदान के समीप संकीर्ण रास्ते पर हाईवा का संतुलन बिगड़ गया.
इस कारण हाईवा अनियंत्रित होकर गहरे पत्थर खदान में गिर गया. खदान में लगभग 20 फीट पानी भी जमा हुआ है, जिससे खलासी की मौत हो गई है. हालांकि हाईवा का चालक फरार बताया जा रहा है. मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से हाईवा को निकालने में जुटी है. साथ ही शव को भी निकाला जा रहा है. हाइवा निकालने के लिए दो क्रेन एवं एक पोकलेन को लगाया गया है. समाचार लिखे जाने तक हाईवा एवं लाश को खदान से बाहर नहीं निकाला गया था. थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की पड़ताल में जुट गई है. इस घटना को लेकर अभी तक किसी के द्वारा लिखित रूप में कोई शिकायत पुलिस के पास दर्ज नहीं करायी गयी है. उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों द्वारा लिखित शिकायत दिये जाने पर उसके अनुरूप कार्रवाई की जायेगी.
अन्यथा पुलिस मामले पर संज्ञान लेकर खुद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी. गौरतलब है कि दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में पत्थर खदान संचालित है जिसमें कई खदान अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा है. प्रशासनिक स्तर पर अवैध खदान के संचालन पर अंकुश लगाने का प्रयास किये जाने के बावजूद प्रशासनिक कवायद महज खानापूर्ति साबित हो रहा है. इस पत्थर खदान में हाईवा गिरने का यह कोई पहला मामला नहीं है बल्कि एक सप्ताह पूर्व भी इस तरह की घटना घटी थी. इस क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार घटती रही है.





Add comment