रांची : 3 मार्च (सोमवार) अरगोडा-कटहल मोड़ रोड स्थित सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल, न्यू अशोक नगर, रांची में साइबर क्राइम अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में रांची पुलिस साइबर सेल के उपाधीक्षक (Dy. SP) श्रीनिवास सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और सतर्कता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उनके साथ तकनीकी विशेषज्ञ संदीप कुमार और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ सतीश गोराई भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रावणी पांडे ने मुख्य अतिथि श्रीनिवास सिंह, संदीप कुमार और सतीश गोराई को स्मृति चिह्न व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस कार्यशाला में कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। श्रीनिवास सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम क्या है, इससे कैसे बचा जा सकता है, ऑनलाइन सुरक्षा के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और डिजिटल दुनिया में सतर्कता क्यों आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और सतर्क रहने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित संदीप कुमार और सतीश गोराई ने भी साइबर सुरक्षा के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, पासवर्ड सुरक्षा और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के उपायों के बारे में जागरूक किया।

विद्यालय के निदेशक रमाकांत प्रसाद ने आए हुए अतिथियों एवं विशेषज्ञों का धन्यवाद ज्ञापन किया और इस प्रकार का कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा जागरूकता न केवल आवश्यक है बल्कि यह छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनिवार्य भी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि
“आपके बहुमूल्य मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की बारीकियों को समझने और अपने डिजिटल जीवन को सुरक्षित बनाने का अवसर मिला है।”
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय शिक्षिका अंजू कुमारी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावी प्रस्तुति से पूरे सत्र को सुव्यवस्थित और रोचक बनाए रखा।
संदेश: “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”






Add comment