
दुमका: झारखंड के दुमका में एक बार फिर हैवानियत की हदें पार की गई हैं। जरमुंडी के भालकी गांव में एक 19 वर्षीय युवती मारुति कुमारी को पेट्रोल डाल कर जला दिया गया। युवती को गंभीर हालत में दुमका के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है। सूत्रों के मुताबिक पहले दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। अब दोनों में ब्रेकअप हो गया था। लड़की ने शादी से इनकार कर दिया था।
आरोपी युवक राजेश राउत गिरफ्तार हो गया है। वह दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का है। राजेश राउत की इसी साल किसी दूसरी लड़की से शादी हो चुकी है। इसके बावजूद वह मारुति कुमारी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। मारुति कुमारी जामा के भैरवपुर गांव की रहने वाली है। वह अपने नाना किशन रावत के घर भालकी गांव के भरतपुर टोला में आई थी।
गुरुवार देर रात करीब एक बजे मारुति के नाना के घर मे ही पेट्रोल डाल कर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल मारुति कुमारी को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस अस्पताल से उसे रेफर किया जाएगा। इधर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने मारुति कुमारी के बेहतर इलाज के लिए भाजपा की ओर से दो लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।





Add comment