रामगढ : साइबर ठगों ने इस बार रामगढ़ के एसपी प्रभात कुमार को ही निशाना बना लिया है। ठगों ने उनके नाम से फेक फेसबुक आईडी बना ली है और जान-पहचान के लोगों से रुपये की मांग कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गयी। वही रामगढ़ एसपी ने अपने प्रोफाइल को बदल दिया है ताकि कोई भी साइबर अपराधियों का निशाना न बनें।
फेसबुक पर लोगों से अपील
फेसबुक आईडी फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की लोगों से अपील की है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि साइबर अपराधकर्मियों के द्वारा एसपी रामगढ़ के नाम से एक फेक अकाउंट बनाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए मैसेज किया जा रहा है। कृपया किसी भी अकाउंट से एसपी रामगढ़ के नाम या फोटो वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। इसके बाद पुलिस अधीक्षक में अपने प्रोफाइल को भी बदल दिया ताकि कोई भी साइबर अपराधियों की ठगी का शिकार न हो जाए।
पहले भी कई लोगों को बना चुके हैं निशाना
साइबर ठग इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित लोगों को निशाना बना चुके हैं। झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनके करीबियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनसे रुपये मांगने के आरोपित को रांची पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपित लियाकत को मई 2021 में उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गौवर्धन थाना क्षेत्र स्थित मडोरा से पकड़ा गया था। बोकारो में साइबर अपराधियों एसपी चंदन कुमार झा का फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर उनके ही दोस्तों और पहचान वालों से पैसे मांगने लगे। जानकारी मिलने के बाद बोकारो एसपी ने इन फर्जी अकाउंट को डीएक्टिवेट कराया और मामले की जानकारी साइबर सेल को दिया।





Add comment