रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग की सातवीं से दसवीं तक पीटी की परीक्षा में हुए गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थी रांची में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। आज पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत राज्य के 24 जिले से अभ्यर्थी आज JPSC मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे थे।लेकिन प्रशासन की तरफ से इन्हें वहां से खदेड़ दिया गया। उन्हें वहां बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
इस दौरान सभी अभ्यर्थी आवाज दो, हम एक हैं… भाई-भतीजावाद बंद करो… सीट बेचना बंद करो… जब-जब छात्र जागा है, सत्ता का सिंहासन डोला है… जैसे नारे लगाते हुए JPSC से वापस मोरहाबादी मैदान में जमा हो गए हैं।
अभ्यर्थियों ने कहा कि JPSC जाएंगे और जाकर रहेंगे। हम लड़ने नहीं आए हैं। ये अन्याय हो रहा है। रिजल्ट जारी होने के बाद कट ऑफ जारी नहीं हुआ है । अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि युवा ठगे जा रहे हैं। पैसे के बल पर नौकरी बांटी जा रही है। नाराज अभ्यर्थियों ने कहा कि हमारी संख्या कम थी इसलिए प्रशासन बलपूर्वक वहं से खदेड़ दिया। लेकिन हमलोग डरने वालों में से नहीं है। उन्होंने कहा हमारी लड़ाई JPSC और सरकार से है। हम अपनी मांगें पूरी नहीं होने तक हार नहीं मानेंगे। हम एक बार फिर से पूरी ताकत से JPSC का घेराव करेंगे। हार नहीं मानेंगे। आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। हमलोग इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग है कि 7वीं से 10वीं JPSC PT परीक्षा रद्द की जाए। उम्र सीमा में छूट देते हुए सीट बढ़ाने, अंतर जिला परीक्षा सेंटर बनाकर पारदर्शिता से चयन प्रक्रिया के आधार पर परीक्षा का आयोजन किया जाए। आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि JPSC की PT के रिजल्ट में बहुत गड़बड़ी की गई है। परीक्षाफल उम्मीद से विपरीत है। साहेबगंज, लातेहार, लोहरदगा और हजारीबाग जिला के एक ही सेंटर से बेंचवार क्रमवार बैठे अभ्यर्थियों को पास कर दिया गया है। JPSC की ओर से आउट ऑफ सिलेबस से सवाल पूछे गए थे। इन सबके बावजूद अब तक का सबसे हाई कट ऑफ गया।
अभ्यर्थियों को आरक्षण का नहीं मिला है लाभ
PT परीक्षाफल में दिव्यांगों के लिए प्रावधान 5 प्रतिशत आरक्षण का पालन नहीं किया गया है। इसके अलावा महिला आरक्षण, सैनिक आरक्षण का भी पालन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विज्ञापन के अनुसार 15 गुना PT परीक्षाफल का नियमावली का भी पालन नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों का आरोप- कम नंबर वालों को भी कर दिया गया है पास
आंदोलनकारी छात्रों ने आरोप लगाया है कि कम नंबर लाने वाले कुछ छात्रों को भी पास कर दिया गया है। इसीलिए आयोग कट ऑफ भी जारी नहीं कर रहा है। JPSC पास अभ्यर्थियों का कट ऑफ जारी करे और हजारों गड़बड़ी सामने आयेगी।





Add comment