रांची : झारखंड के मधुपुर विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को उपचुनाव होगा। सोमवार (22 मार्च) को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मधुपुर सीट से आजसू के उम्मीदवार रहे गंगा नारायण सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने गंगा नारायण सिंह का पार्टी में स्वागत किया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गंगा नारायण सिंह के बीजेपी में आने से देवघर समेत पूरे झारखंड में पार्टी और मजबूत होगी। मरांडी ने हेमंत सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मधुपुर उपचुनाव को लेकर हेमंत सरकार काफी डरी हुई है। यही कारण है कि बिना विधायक बने ही एक नेता पुत्र (हफीजुल हसन) को झारखंड सरकार में मंत्री बना दिया गया। लेकिन झामुमो अपनी हार भूल गई है। शिबू सोरेन मुख्यमंत्री होते हुए भी चुनाव हार गए थे। मधुपुर में भी यही होने वाला है। बीजेपी कैडर बेस्ट पार्टी है, पार्टी की जीत सुनिश्चित है।
बीजेपी दामन थामने वाले गंगा नारायण सिंह ने बीजेपी में शामिल करने के लिए राज्य समेत केंद्र के सभी पार्टी नेताओं का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान की निस्वार्थ सेवा के लिए बीजेपी में शामिल हुआ हूं। बचपन से ही बीजेपी में शामिल होने की इच्छा थी और आज वो पूरा हो गया। बीजेपी का एक सिपाही होने के नाते निस्वार्थ कार्य करूंगा।
मधुपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना 23 मार्च को जारी की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्याशी के नामांकन की प्रकिया शुरू हो जाएगी। मधुपुर विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी 30 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकते है। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 3 अप्रैल तक है । इस सीट के लिए आगामी 17 अप्रैल को वोटिंग होगी और मतगणना 2 मई को होगा।




